✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद/पिथौरा। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। राजधानी रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय और उनके गृह क्षेत्र बसना तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका भव्य और आतिशी स्वागत किया।
रायपुर से महासमुंद जिले में प्रवेश करते ही घोड़ारी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। उनके स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सामान्य कार्यकर्ता भी बन सकता है राष्ट्रीय अध्यक्ष
मीडिया से बातचीत में रूपकुमारी चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी संगठन में आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से राजनीतिक सफर शुरू कर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचना इसी कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण है।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर रूपकुमारी चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के एक कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि वह छत्तीसगढ़ से भाजपा महिला मोर्चा की तीसरी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
महिलाओं के सम्मान और अवसर पर रहेगा जोर
महिलाओं के लिए अपनी प्राथमिकताओं को लेकर रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, शिक्षा, रोजगार, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं। आने वाले समय में संगठन के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के स्वागत से भावुक हुईं रूपकुमारी
रायपुर एयरपोर्ट से लेकर बसना तक हुए भव्य स्वागत को उन्होंने भावुक कर देने वाला पल बताया। रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि बस्तर से सरगुजा और दुर्ग से बिलासपुर तक प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, उसके लिए वह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की बहनों की आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!