✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि आज महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में मीडिया से चर्चा करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि पहले महिलाओं को अपने छोटे-बड़े खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। महिलाएं स्वरोजगार और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं।
2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत को विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है और इस लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल घर और रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, व्यवसाय, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
3 करोड़ महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में लगभग 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती परिवार और समाज दोनों को मजबूत बनाती है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को भी स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
7.8 प्रतिशत वृद्धि दर पर जताई खुशी
देश की आर्थिक वृद्धि दर में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद देश की ग्रोथ रेट में बढ़ोतरी होना उत्साहजनक है। उन्होंने इसके लिए देशवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!