हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
भव्य सजावट और आकर्षक प्रतिमा की लोगों ने की सराहना, मंत्री केदार कश्यप ने किए माँ दुर्गा के दर्शन
जगदलपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने जगदलपुर के धर्मपुरा स्थित गजराज दुर्गा समिति के दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए।
इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 36 में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल की भव्य सजावट और मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। मंत्री केदार कश्यप ने समिति के सदस्यों द्वारा किए गए आयोजन की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व बचपन से ही पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाते आ रहे हैं। गजराज दुर्गा समिति ने पंडाल की सजावट और मां दुर्गा की प्रतिमा को बेहद सुंदर एवं दिव्य स्वरूप प्रदान किया है। प्रतिमा के दर्शन से ऐसा प्रतीत होता है, मानो मां साक्षात भक्तों को दर्शन दे रही हों।
उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों पर सदैव कृपा बनाए रखने और छत्तीसगढ़ में सुख, शांति एवं समृद्धि का वातावरण कायम रखने की प्रार्थना की। साथ ही वार्ड पार्षद संग्राम सिंह राणा को भी आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप और भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने भी मां दुर्गा के दर्शन किए। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद संग्राम सिंह राणा सहित गजराज दुर्गा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!