हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
रिपोर्ट - मनोज कुमार भट्ट, जगदलपुर छत्तीसगढ़
भगिनी प्रसूति सहायता योजना से संवरा भविष्य: पुष्पलता को दूसरे प्रसव पर मिले 20 हजार रुपए, बच्चों की सुरक्षा के लिए की बचत
जगदलपुर, 08 अक्टूबर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मातृत्व कल्याण और श्रमिक हितैषी योजनाएं आज जमीनी स्तर पर जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण जगदलपुर की रहने वाली पुष्पलता यादव बनी हैं, जिन्हें भगिनी प्रसूति सहायता योजना के तहत दूसरे प्रसव पर 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।
कौन हैं पुष्पलता यादव?
पुष्पलता एक सामान्य गृहणी हैं। उनके पति पेशे से ट्रक चालक हैं और लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए पुष्पलता खुद घर पर सिलाई का काम और मजदूरी करती हैं। दो बच्चों की जिम्मेदारी और सीमित आय में परिवार चलाना उनके लिए चुनौती भरा था।
ऐसे मिली योजना की जानकारी
पुष्पलता को शुरुआत में भगिनी प्रसूति सहायता योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। कुछ महीने पहले वे किसी निजी कार्य से कलेक्टर कार्यालय गई थीं, वहीं परिसर में लगे योजना संबंधी फ्लेक्स और कर्मचारियों से उन्हें इस योजना के बारे में पता चला।
उन्होंने बताया, "मुझे लगा यह योजना मेरे लिए ही है। मैं तुरंत अपने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र गई और दीदी से पूरी जानकारी ली।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बनी मददगार
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से पुष्पलता का श्रमिक कार्ड (ग्रीन कार्ड) बनाया गया। सभी दस्तावेज पूरे होने के बाद श्रम विभाग द्वारा उनके खाते में सीधे 20,000 रुपए की राशि अंतरित की गई। पुष्पलता ने बताया कि पूरी प्रक्रिया बहुत ही सरल और पारदर्शी थी।
बच्चे के भविष्य के लिए बचत
अक्सर देखा जाता है कि सहायता राशि रोजमर्रा के खर्चों में निकल जाती है, लेकिन पुष्पलता ने समझदारी दिखाई। उन्होंने पूरी राशि को अपने नवजात बच्चे के नाम पर जमा कर दिया है ताकि भविष्य में उसकी शिक्षा और स्वास्थ्य में काम आ सके।
शासन का जताया आभार
इस मदद के लिए पुष्पलता ने छत्तीसगढ़ सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "पहले और दूसरे बच्चे के जन्म के समय मिलने वाली यह सहायता मां और बच्चे दोनों के पोषण और स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। इससे हमें अस्पताल के खर्च और पौष्टिक आहार में बहुत मदद मिलती है।
अब खुद बन रही प्रेरणा
स्वयं लाभ लेने के बाद अब पुष्पलता अपने वार्ड की अन्य गर्भवती महिलाओं और श्रमिक परिवार की महिलाओं को इस योजना के बारे में जागरूक कर रही हैं। वे उन्हें आंगनवाड़ी केंद्र जाकर श्रमिक कार्ड बनवाने और योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
क्या है भगिनी प्रसूति सहायता योजना?
यह योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित है।
इसमें पंजीकृत महिला श्रमिकों को पहले दो प्रसव के दौरान आर्थिक सहायता दी जाती है
पहले प्रसव पर भी 20 हजार की सहायता का प्रावधान है।
राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में आती है।
लाभ के लिए महिला का श्रमिक कार्ड बना होना अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन?
नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या श्रम विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। आधार कार्ड, बैंक पासबुक, श्रमिक कार्ड और प्रसव संबंधी दस्तावेज जरूरी हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!