रायपुर। नया रायपुर के चर्चित ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे युवक आदिल का शव शनिवार तक बरामद नहीं हो सका। SDRF और NDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर इंडियन नेवी से मदद मांगी गई है। ईस्टर्न कमांड की विशेष टीम रविवार को रायपुर पहुंचेगी।
जानकारी के मुताबिक, नेवी की विशेषज्ञ टीम रविवा
र दोपहर तक घटनास्थल पर पहुंचकर ब्लू वाटर में आदिल की तलाश शुरू कर सकती है। पिछले कई दिनों से SDRF की टीम स्थानीय स्तर पर अभियान चला रही है। पानी की अधिक गहराई और जलाशय की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अब इंडियन नेवी के विशेषज्ञ गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। आदिल के परिजनों को उम्मीद है कि नेवी की टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आएगी और जल्द ही युवक का पता लगाया जा सकेगा।
दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था आदिल
बताया जा रहा है कि आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान पानी में तैरने को लेकर दोस्तों के बीच शर्त लगी। इसके बाद आदिल पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वापस बाहर नहीं आ सका।
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश शुरू की। पानी की गहराई अधिक होने के कारण शव की तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
पहले भी हो चुकी हैं कई मौतें
राजधानी रायपुर से लगे ब्लू वाटर में डूबने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने में प्रशासन को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रहे हादसों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खतरनाक हिस्सों में मजबूत सुरक्षा घेरा, चेतावनी बोर्ड और प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
ब्लू वाटर खदान को किया जाएगा प्रतिबंधित
ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही मौतों को लेकर सरकार ने भी संज्ञान लिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा। खदानों के चारों ओर फेंसिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात भी कही गई है। इसके लिए बाहर से आई टीम द्वारा काम किए जाने की जानकारी दी गई है।
9 साल में 9 मौतों का दावा
उपलब्ध घटनाक्रम के अनुसार, वर्ष 2017 से अब तक ब्लू वाटर खदान में डूबने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यदि आदिल का शव बरामद होता है और उसकी मौत की पुष्टि होती है, तो यह आंकड़ा 10 तक पहुंच जाएगा।
31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 बच्चे स्कूल से अनुपस्थित होकर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में बरामद हुए थे।
इससे पहले वर्ष 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवकों तथा जून 2023 में नदीम, फैजल और शहबाज की डूबने से मौत होने की घटनाएं सामने आई थीं।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए अब ब्लू वाटर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंध को लेकर प्रशासन के सामने बड़ा सवाल है। आदिल की तलाश के लिए नेवी की टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!