जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में बिजली खंभा गाड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पाकरगांव स्थित गुडलक फ्लाईओवर के पास 11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मजदूर बिजली का खंभा गाड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खंभा 11 हजार केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे चार मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने के बाद पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!