✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
अंबिकापुर। IPS अधिकारी के बेटे से कथित मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक पैदल ले जाया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
तालाब के पास हुआ था विवाद
घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास उसने कार रोक दी।
बताया गया कि वहां पहले से बौरीपारा निवासी गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता सहित अन्य युवक मौजूद थे। लेखांश कार से उतरकर प्रिंस से मोबाइल पर बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान गोलू गणेश का नाम आने के बाद विवाद शुरू हो गया।
‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल’ कहने पर बढ़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लेखांश से कथित तौर पर कहा कि ‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।’ इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और कड़े से मारपीट की। मारपीट में लेखांश की कनपटी, सिर और चेहरे पर चोटें आने की बात सामने आई है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान उसका गला दबाने की कोशिश की गई। दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया।
‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा?’ धमकी देने का आरोप
लेखांश के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि ‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा?’ इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता सहित अन्य के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया। पुलिस ने शहर में आरोपियों का जुलूस भी निकाला।
न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से अपराधियों का खौफ कम करना और कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम करना बताया गया है।
सिक्योरिटी एजेंसी संचालित करता है IPS का बेटा
लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा क्षेत्र में रहता है और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करता है। उसने पुलिस को दी गई शिकायत में घटना की पूरी जानकारी दी है।
वहीं, IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ बताए जा रहे हैं। इससे पहले वे कोरिया जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर भी रह चुके हैं।नोट: खबर में लगाए गए आरोपों को शिकायत/पुलिस के हवाले से लिखा गया है,
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!