✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बेमेतरा। जिले में सोमवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। हादसा सिंघपुर-झाल मार्ग पर सुबह करीब 7:15 से 7:30 बजे के बीच हुआ। बस में ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल के बच्चे सवार थे।
हादसे के बाद बच्चों को तत्काल बेमेतरा के आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है। करीब दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
15 से 17 बच्चे होने की जानकारी
परिजनों के अनुसार बस में सिंघपुर, चमारी और खंडसरा क्षेत्र के करीब 15 से 17 बच्चे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान बस सिंघपुर और झाल के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, थाना प्रभारी के अनुसार बस में करीब 10 बच्चे सवार थे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
खराब सड़क को लेकर परिजनों में नाराजगी
हादसे के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि क्षेत्र की सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद वाहन तेज गति से चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
परिजन राजू वर्मा ने कहा कि जब सड़क की हालत खराब है तो बस को सावधानीपूर्वक और धीमी गति से चलाया जाना चाहिए। उन्होंने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया।
पुलिस जांच में जुटी
बेमेतरा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे पब्लिक स्कूल की बस झाल और आसपास के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बस सड़क से उतरकर पलट गई। बस में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चे मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार एहतियात के तौर पर बच्चों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। बस किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटना के कारणों और बस चालक की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!