बेमेतरा में गुटखा थूकने से मना करना पड़ा भारी, 65 वर्षीय ससुर ने बहू पर किया धारदार हथियार से हमला
Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बेमेतरा में गुटखा थूकने से मना करना पड़ा भारी, 65 वर्षीय ससुर ने बहू पर किया धारदार हथियार से हमला

Admin
Admin
125 Views 5 Min Read 0 Comments
बेमेतरा में गुटखा थूकने से मना करना पड़ा भारी, 65 वर्षीय ससुर ने बहू पर किया धारदार हथियार से हमला

बेमेतरा में गुटखा थूकने से मना करना पड़ा भारी, 65 वर्षीय ससुर ने बहू पर किया धारदार हथियार से हमला

 

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में घर में गुटखा खाकर जगह-जगह थूकने से मना करने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि 65 वर्षीय ससुर ने गुस्से में अपनी बहू पर घर में रखी धारदार वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के पेट के पास और हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा में भर्ती कराया गया।

 

मामला चंदनू थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी गोविंद घृतलहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

गुटखा थूकने से मना करने पर हुआ विवाद

 

पुलिस के अनुसार मुकेश घृतलहरे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 14 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह खलेश्वर पाटले के साथ अपने घर के सामने जैतखाम के पास बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गोविंद घृतलहरे के घर से विवाद और झगड़े की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर दोनों घर के अंदर पहुंचे।

 

शिकायत के मुताबिक, ताजेश्वरी घृतलहरे अपने ससुर गोविंद घृतलहरे को घर में जगह-जगह गुटखा थूकने से मना कर रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गोविंद ने बहू से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखी सब्जी काटने की धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया।

 

बचाव के दौरान हाथ की उंगली में भी लगी चोट

 

हमले से बचने के लिए ताजेश्वरी ने खुद को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके हाथ की उंगली में भी चोट लग गई। घटना के बीच परिवार की एक महिला सदस्य मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर हमले को रोकने का प्रयास किया।

 

हमले में ताजेश्वरी के बाएं पेट के ऊपरी हिस्से में पसली के पास और दाहिने हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा लेकर पहुंचे।

 

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार

 

शिकायत के आधार पर चंदनू थाना पुलिस ने आरोपी गोविंद घृतलहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

 

विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम देवरी निवासी 65 वर्षीय गोविंद घृतलहरे को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से जुड़ी जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कथित धारदार वस्तु सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी घर की परछी में बैठा था। बहू पूजा उर्फ ताजेश्वरी ने उसे गुटखा खाकर जगह-जगह थूकने से मना किया था। इसी बात को लेकर आरोपी कथित रूप से आवेश में आ गया और किचन में रखी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। वारदात के बाद हथियार को घर की परछी में छिपाने का आरोप है।

 

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी गोविंद घृतलहरे को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

hamarpradeshcg.com

Admin
Written by

Admin

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos