हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर
बीजापुर PMGSY में 45 करोड़ के फर्जी भुगतान का बड़ा खुलासा, 4 सस्पेंड, 24 को नोटिस
बीजापुर (छत्तीसगढ़) 07 अक्टूबर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बीजापुर जिले में बड़ा घोटाला सामने आया है। 2018-19 में स्वीकृत 24 सड़कों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के नाम पर करीब 45 करोड़ रुपये का अधिक और फर्जी भुगतान करने का मामला उजागर हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक सड़क योजना के तहत जिले में सड़क निर्माण का कार्य किया गया था। बिल भुगतान के दौरान माप पुस्तिका (MB), मूल्यांकन और पोर्टल में एंट्री में गड़बड़ी कर नियम से ज्यादा राशि ठेकेदारों को दे दी गई। प्रारंभिक जांच में करीब 45 करोड़ के अतिरिक्त भुगतान की बात सामने आई है। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
विभागीय जांच और बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू की गई है। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही और मिलीभगत पाए जाने पर तत्कालीन प्रभारी कार्यपालन अभियंता सुरेश कुमार नागेश, प्रभारी सहायक अभियंता सुरेश कुमार बांदे, उप अभियंता सत्यनंद और एक अन्य कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा 24 संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों और ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनसे 15 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है कि क्यों न अधिक भुगतान की वसूली और FIR की कार्रवाई की जाए।
*15 ठेकेदार रडार पर*
विभागीय सूत्रों के अनुसार 2018-19 की 24 सड़कों से जुड़े दस्तावेज, माप पुस्तिका, भुगतान अभिलेख और ऑनलाइन पोर्टल की प्रविष्टियों का मिलान किया जा रहा है। जांच अब 15 बड़े ठेकेदारों तक पहुंच गई है, जिन्हें यह अतिरिक्त राशि दी गई थी।
अब आगे क्या?
विभाग ने संबंधित ठेकेदारों से अतिरिक्त भुगतान की गई राशि वापस जमा करने को कहा है। राशि जमा न करने पर एफआईआर और ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी है। वहीं निलंबित अधिकारियों के खिलाफ आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद बीजापुर में PMGSY के कामों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं, साथ ही शासन ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!