✒️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर — कलावती
करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी मामले में अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अकलोरडीह के गोदाम से बरामद हुआ था स्क्रैप
थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के अकलोरडीह खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स के गोदाम से 26 मई को पुलिस ने भारी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद किया था। पुलिस के अनुसार, यह स्क्रैप भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किया गया था।
जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्टर संजय सिंह द्वारा बीएसपी से चोरी किए गए लौह स्क्रैप को अकलोरडीह स्थित गोदाम में डंप किया जाता था। इसके बाद इस स्क्रैप को रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील कंपनी में खपाए जाने की जानकारी सामने आई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस को मिले।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 सितंबर को मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60) और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39) को गिरफ्तार किया।
विनोद कुमार गर्ग रायपुर के भाठागांव स्थित वालफोर्ट सिटी के निवासी बताए गए हैं, जबकि संदीप कुमार सिंह भिलाई के जुनवानी रोड, स्मृति नगर स्थित एसबीआई कॉलोनी के निवासी हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है।
अब तक 21 आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह, उसके बेटे अभय सिंह, भाजपा नेता भास्कर मुदलियार, व्यवसायी हिमांशु खंडेलवाल तथा बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस द्वारा इस मामले में न्यायालय के समक्ष चालान भी पेश किया जा चुका है।
बीएसपी के तीन अधिकारियों-कर्मचारियों पर निलंबन
लोहा चोरी प्रकरण के संबंध में बीएसपी के तीन अधिकारी-कर्मचारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। इनमें जीएम हिमांशु भूषण मलिक, नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा और मनोज कुमार देवांगन शामिल हैं।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!