✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बिहान दीदियों के हुनर से जगमगाएगी दीपावली, पहले ही दिन ₹40,840 की बिक्री
कलेक्ट्रेट में सजे स्व-सहायता समूहों के स्टॉल, मिट्टी के दीये से लेकर मिठाई और बांस के उत्पादों तक दिखा महिलाओं का हुनर**
कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने की खरीदारी, महिला समूहों को मिलेगा नियमित बाजार**
**सारंगढ़–बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026।** इस दीपावली घरों को रोशन करने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत और हुनर को भी नई पहचान मिल रही है। सारंगढ़–बिलाईगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान की दीदियों द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मिट्टी के दीपक, हाथों से तैयार रुई की बातियां, मिठाइयां, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और बांस से बनी घरेलू वस्तुओं की बिक्री से महिला समूहों को स्वरोजगार का बेहतर अवसर मिल रहा है। स्टॉल लगने के पहले ही दिन **40 हजार 840 रुपये के उत्पादों की बिक्री** दर्ज की गई।
अधिकारियों ने खरीदारी कर बढ़ाया महिलाओं का उत्साह
महिला समूहों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगाए गए स्टॉलों का कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने अवलोकन किया। अधिकारियों ने महिलाओं से उत्पादों की जानकारी ली और खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने आम नागरिकों और अधिकारियों से अपील की कि दीपावली सहित अन्य अवसरों पर बिहान की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे महिला समूहों को नियमित बाजार मिलेगा, उनकी आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को मजबूती मिलेगी। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन स्टॉल लगाने का प्रयास भी किया जाएगा।
दीयों, मिठाइयों और सजावटी सामान की आकर्षक रेंज
रोशनी संकुल संगठन की महिलाओं ने मिट्टी के दीपक, पेड़ा, शुद्ध देशी गाय के घी से बने उत्पाद, झालर और पर्दे प्रदर्शित किए। वहीं साथी आजीविका केंद्र के स्टॉल पर अचार, पूजा थाली, गिफ्ट टोकरी, दीपक, झालर, साबुन और हाथ से तैयार रुई की बातियां उपलब्ध रहीं।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने मिठाई, दीपक और बातियों की खरीदारी की। जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी महिला समूहों के उत्पाद खरीदकर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
बांस के पारंपरिक उत्पादों ने भी खींचा ध्यान
भाटाकोना के तुलसी समूह ने बांस से तैयार झाड़ू, टोकरी, सूपा और पर्री सहित घरेलू उपयोग की पारंपरिक वस्तुओं का स्टॉल लगाया। इन उत्पादों में स्थानीय हुनर और पारंपरिक शिल्प की झलक देखने को मिली।
कलेक्ट्रेट परिसर में मिला यह मंच बिहान की दीदियों के लिए केवल बिक्री का अवसर नहीं, बल्कि अपने उत्पादों को पहचान दिलाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम भी बन रहा है।
इस दीपावली बिहान की दीदियों के उत्पाद खरीदना, उनके हुनर को सम्मान देने के साथ उनके परिवारों की खुशि
यों में भी योगदान देना है।**
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!