बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट को लेकर दो पक्षों में झड़प, सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित कमेंट को लेकर शुक्रवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है।
प्रशासन के आदेश के अनुसार क्षेत्र में बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल पर रोक रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला सहित अन्य हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि शासकीय ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, लाठी के सहारे चलने वाले वृद्ध एवं दिव्यांग लोगों तथा धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को छूट दी गई है।
चार से अधिक लोगों के जुटने पर प्रतिबंध
धारा 144 के तहत किसी स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन को इस आदेश से बाहर रखा गया है। किसी आयोजन के लिए संबंधित एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और लोगों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में किए गए विवादित कमेंट को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। इसके बाद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं विधायक सुशांत शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर युवकों को समझाइश दी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
Hamarpradeshcg🔴
🌐 hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!