Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बिलासपुर में 'सफेदपोश कफनचोरों' को किसका संरक्षण? लाशों पर सौदेबाजी, 18 घंटे में ₹4.60 लाख का बिल; CMHO के 'काले तहखाने' से लेकर मंत्रालय तक चुप्पी पर सुलगते सवाल!

State Head - State_head_abhishek
State Head - State_head_abhishek
67 Views 5 Min Read 0 Comments
बिलासपुर में 'सफेदपोश कफनचोरों' को किसका संरक्षण? लाशों पर सौदेबाजी, 18 घंटे में ₹4.60 लाख का बिल; CMHO के 'काले तहखाने' से लेकर मंत्रालय तक चुप्पी पर सुलगते सवाल!

बिलासपुर में 'सफेदपोश कफनचोरों' को किसका संरक्षण? लाशों पर सौदेबाजी, 18 घंटे में ₹4.60 लाख का बिल; CMHO के 'काले तहखाने' से लेकर मंत्रालय तक चुप्पी पर सुलगते सवाल!

विशेष पड़ताल / बिलासपुर ग्राउंड जीरो

संवेदनशील सरकार, हाईटेक स्वास्थ्य व्यवस्था और 'जीरो टॉलरेंस' के दावे... बिलासपुर आते-आते सब किसी कचरे के डिब्बे में तब्दील हो जाते हैं। न्यायधानी का स्वास्थ्य महकमा इन दिनों किसी जिम्मेदार प्रशासनिक दफ्तर जैसा नहीं, बल्कि किसी पुराने किले के उस 'तहखाने' जैसा नजर आता है, जहां चीखें, फरियादें और जांच फाइलें सिर्फ इसलिए दफन कर दी जाती हैं ताकि रसूखदार अस्पताल लॉबी की तिजोरियों पर खरोंच न आए।

18 घंटे के इलाज का साढ़े चार लाख से ज्यादा का बिल, पैसों के लिए आदिवासी महिला की लाश को बंधक बनाना, ऑपरेशन के दौरान पेट में धागा छोड़ देना और सरकारी अस्पताल में ही प्रसूता को मौत के मुहाने पर धकेल देना... यह कोई अपराध कथा नहीं, बल्कि बिलासपुर के निजी और सरकारी अस्पतालों का खौफनाक सच है।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिले के प्रभारी मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, संभाग के प्रभारी सचिव, कलेक्टर और CMHO की आंखें कब खुलेंगी? क्या मंत्रालय से लेकर जिला प्रशासन तक सिर्फ लाशों की गिनती और जांच कमेटियों के बहाने गढ़े जा रहे हैं?

सुलगते 5 मामले, जो तंत्र की संवेदनहीनता का चीरहरण करते हैं:

1. एलाइट हॉस्पिटल: 18 घंटे में मरीज की मौत, ₹4.60 लाख का बिल थमाया

व्यापार विहार स्थित इस अस्पताल में हार्ट अटैक के मरीज की सांसें उखड़ने के साथ ही ₹4.60 लाख का बिल परिजनों के हाथ में थमा दिया गया। जब सड़कों पर बवेला मचा, तो 'सेठिया मोलभाव' की तर्ज पर बिल 50% घटा दिया गया। पूरा छत्तीसगढ़ थू-थू कर रहा है, मगर जिले की CMHO अभी भी 'लिखित शिकायत' का इंतजार कर रही हैं। क्या इतनी बड़ी खुली लूट पर संज्ञान लेने के लिए स्वास्थ्य सचिव या कलेक्टर के हाथ बंधे हैं?

2. हरिओम हॉस्पिटल: पैसे के लिए आदिवासी महिला के शव को बनाया बंधक

तोरवा स्थित इस अस्पताल ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं, जब बिल चुकता न होने पर एक मृत आदिवासी महिला के शव को बंधक बना लिया गया। मामला संसद तक गूंजा, राजनीतिक दखल के बाद शव छूटा। महीनों बीत गए, लेकिन CMHO का वही रटा-रटाया जुमला—"जांच हो गई है, रिपोर्ट भेजेंगे।" यह रिपोर्ट किस अलमारी में बंद है, इसका जवाब न प्रभारी सचिव के पास है, न जिला प्रशासन के पास।

3. पेंडलवार नर्सिंग होम: पेट में धागा छोड़ा, CMHO ने पहले ही बांट दी 'क्लीन चिट'

डिलीवरी के दौरान महिला के पेट में धागा छोड़ देने का सनसनीखेज आरोप लगा। मरीज की जान पर बनी, तो उसे अपोलो शिफ्ट करना पड़ा। लेकिन विभागीय 'जांच' का करिश्मा देखिए—CMHO ने डॉक्टर को पहले ही निर्दोष घोषित कर दिया और दलील दे दी कि महिला को तो यूरिन इन्फेक्शन था। न्याय की उम्मीद किससे करें?

4. जिला अस्पताल: सरकारी चौखट पर प्रसूता की बिगड़ी हालत, परिजनों पर ही मढ़ दिया दोष

तखतपुर की प्रसूता ज्योति देवांगन के गलत इलाज का मामला कलेक्टर तक पहुंचा। कलेक्टर ने जांच के आदेश भी दिए। पर मजाल है कि CMHO दफ्तर में कलेक्टर के आदेश की कोई कद्र हो! जांच शुरू होना तो दूर, उल्टे CMHO ने पीड़ित परिजनों को ही ज्ञान दे डाला कि "सफाई नहीं रखी इसलिए इन्फेक्शन हुआ।" ऊपर से बहाना यह कि डॉक्टरों का टोटा है, सिम्स से डॉक्टर मांग रहे हैं।

5. नोबल हॉस्पिटल: 'पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई', फाइलों को दीमक खाने का इंतजार

इलाज में मौत के मामले में नोबल हॉस्पिटल की फाइल इस नाम पर दबा दी गई कि सिम्स से पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है।

सत्ता के गलियारों तक सीधे सवाल:

 * स्वास्थ्य सचिव महोदय: राजधानी के वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलिए। क्या बिलासपुर के नर्सिंग होम एक्ट को निजी अस्पताल संचालकों की मनमर्जी के आगे गिरवी रख दिया गया है? कोरोना काल से लेकर आज तक एक भी रसूखदार अस्पताल पर नकेल क्यों नहीं कसी गई?

 * जिले के प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव: बिलासपुर समीक्षा बैठकों में चाय-नाश्ते के अलावा क्या कभी इस 'मेडिकल माफिया' और लाचार CMHO की कार्यशैली पर सवाल उठाने की फुर्सत मिलेगी? जनता के वोट से बनी सरकार में जनता की लाशों की सौदेबाजी कब रुकेगी?

 * कलेक्टर बिलासपुर: आपके जांच आदेशों को अगर स्वास्थ्य विभाग रद्दी की टोकरी में डाल रहा है, तो प्रशासनिक इकबाल कहां है? क्या दोषियों के लाइसेंस निरस्त करने का साहस जिला प्रशासन दिखा पाएगा?

बिलासपुर की जनता अब जांच के नाम पर लीपापोती से तंग आ चुकी है। यदि स्वास्थ्य महकमे के इस सिंडिकेट और लापरवाह निजी अस्पतालों पर तुरंत सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सुलगता आक्रोश सड़कों पर फूटेगा—और तब जिम्मेदारी सिर्फ एक CMHO की नहीं, बल्कि पूरी सरकार और प्रशासन की होगी।

 

 

अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ 

 

हमर प्रदेश सी जी

State Head - State_head_abhishek
Written by

State Head - State_head_abhishek

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos