Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: एक थप्पड़ का खूनी बदला! सो रहे चौकीदार पर हथौड़े से किए ताबड़तोड़ 5 वार; तोरवा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया कत्ल का राज

State Head - State_head_abhishek
State Head - State_head_abhishek
79 Views 5 Min Read 0 Comments
बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: एक थप्पड़ का खूनी बदला! सो रहे चौकीदार पर हथौड़े से किए ताबड़तोड़ 5 वार; तोरवा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया कत्ल का राज

बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: एक थप्पड़ का खूनी बदला! सो रहे चौकीदार पर हथौड़े से किए ताबड़तोड़ 5 वार; तोरवा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया कत्ल का राज

बिलासपुर।

रेलवे पटरी किनारे सो रहे एक निर्दोष चौकीदार के अंधे कत्ल की खौफनाक गुत्थी को तोरवा पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। साइकिल से सड़क का गंदा पानी छींटने पर पड़े एक थप्पड़ की रंजिश में 16 साल के नाबालिग लड़के ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आधी रात को सोते समय चौकीदार के सिर पर भारी-भरकम हथौड़े से 4-5 बार वार कर उसकी बेरहमी से जान ले ली गई। सीसीटीवी फुटेज और खून से सने कपड़ों के सुराग के दम पर पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में ले लिया है।

आधी रात को मौत बनकर आया नाबालिग, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफ

3 सितंबर की दरमियानी रात तोरवा इलाके में रेलवे पटरी किनारे ठेकेदारी कार्य की रखवाली कर रहे 35 वर्षीय चौकीदार नरेश गुप्ता (मूल निवासी आरा, बिहार) गहरी नींद में सो रहे थे। तभी हाथ में भारी लोहे का हथौड़ा लिए एक साया दबे पांव उनके पास पहुंचा और सोते हुए चौकीदार के सिर पर लगातार कई जानलेवा वार कर फरार हो गया। सुबह जब खून से लथपथ लाश मिली, तो इलाके में सनसनी फैल गई।

तोरवा पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और अपराध क्रमांक 483/2026, धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को जब खंगाला गया, तो रात के सन्नाटे में एक लड़का हाथ में हथौड़ा थामे चौकीदार की ओर बढ़ता साफ नजर आया।

बाथरूम में मिले खून के छींटे, ऐसे टूटा कातिल का गुरूर

फुटेज के आधार पर तोरवा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी शुरू की और संदेही की पहचान तोरवा के बापूनगर निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली, तो बाथरूम में मिट्टी से सने और खून के छींटों वाले कपड़े बरामद हुए।

सख्ती से पूछताछ करने पर नाबालिग टूट गया और उसने जो खुलासा किया, उसने पुलिस अफसरों को भी सन्न कर दिया।

मर्डर की वजह: पानी की छींट और एक थप्पड़ की टीस

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह साइकिल चला रहा था, तो सड़क का गंदा पानी उछलकर चौकीदार नरेश गुप्ता पर पड़ गया था। इस बात पर तैश में आकर चौकीदार ने उसे गाली-गलौज करते हुए एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया था।

उस एक थप्पड़ की बेइज्जती नाबालिग के दिमाग में बदले की आग बनकर सुलग रही थी। वह लगातार मौके की फिराक में था। 3 सितंबर की रात जब चौकीदार अकेला बेखबर सो रहा था, तब उसने भारी हथौड़े से प्रहार कर उस मामूली विवाद का बदला खूनी अंत के साथ ले लिया।

पुलिस कार्रवाई

 * मृतक: नरेश गुप्ता पिता राम बिरीक गुप्ता (उम्र 35 वर्ष, निवासी सोनघट्टा, आरा, बिहार)

 * आरोपी: विधि से संघर्षरत बालक (उम्र 16 वर्ष, निवासी बापूनगर, तोरवा)

 * जब्ती: हत्या में प्रयुक्त लोहे का एक वजनी हथौड़ा और खून से सने कपड़े

तोरवा पुलिस ने हत्या का हथियार बरामद कर नाबालिग को बाल न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) में पेश कर दिया है। मुस्तैद जांच और तकनीकी साक्ष्यों की बदौलत पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश रिकॉर्ड समय में कर दिखाया।

State Head - State_head_abhishek
Written by

State Head - State_head_abhishek

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos