बिलासपुर में माहौल बिगाड़ने की साजिश: बाबा साहब की प्रतिमा के गले में फंदा और सिगरेट लटकाया, भड़का भारी आक्रोश; CCTV खंगाल रही पुलिस
बिलासपुर:
न्यायधानी बिलासपुर में सामाजिक सौहार्द को तार-तार करने का बेहद घिनौना मामला सामने आया है। शहर के व्यस्ततम अंबेडकर चौक पर स्थित संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों ने शर्मनाक हरकत की। प्रतिमा के सिर पर पॉलीथिन बांधी गई, गले में कपड़े का फंदा डाला गया और साथ ही सिगरेट के पैकेट व ताश के पत्ते लटका दिए गए। इस दुस्साहस की खबर फैलते ही शहर का माहौल गरमा गया और समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

'गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा देशव्यापी आंदोलन'
सुबह जैसे ही लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी, भारी संख्या में लोग अंबेडकर चौक पर जुटने लगे। घटनास्थल पर एकत्र लोगों ने इसे शहर की शांति पर सोची-समझी साजिश करार दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने बिना किसी लीपापोती के आरोपियों को तत्काल सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो यह आक्रोश सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। चौक और उसके आसपास लगे तमाम CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ओछी वारदात को रात के किस पहर और किन लोगों द्वारा अंजाम दिया गया।
शहर में अलर्ट, शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जिम्मेदार नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी शहरवासियों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!