✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में घुमंतू मवेशियों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चार ग्रामीणों पर लाठी-डंडे, हाथ और मुक्कों से प्राणघातक हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर की सिम्स अस्पताल बिलासपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
फसल की रखवाली के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की शाम ग्राम लिमतरा निवासी उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट, जीवन मेहर समेत अन्य ग्रामीण धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेतों में करीब 15 से 20 घुमंतू मवेशी फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। ग्रामीण मवेशियों को भगाते हुए ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क के किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे रलिया भारतमाला रोड पुल के पास कुछ लोगों ने ग्रामीणों को रोक लिया। मवेशियों को उनकी खेतों की ओर लाने का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली-गलौज और विवाद किया गया। इसके बाद आरोपियों ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत
हमले में उमेश बरगाह समेत कई ग्रामीण घायल हुए। मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आने पर तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान जीवन मेहर ने दम तोड़ दिया।
डीएसपी सुदीप सरकार के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी थाना एवं ACCU की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ग्राम रलिया निवासी गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!