बिलासपुर/मस्तूरी:
मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा (जनकपहरी) में गणेश उत्सव के दौरान बाजा बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद जानलेवा संघर्ष में बदल गया। हथियारों से लैस एक दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर दूसरे पक्ष पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया है।
क्या है पूरी घटना?
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी विद्याकांत राठौर 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे गतौरा स्थित गणेश पंडाल के पास मौजूद थे। इसी दौरान बाजा बजाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बोधीराम राठौर और उसके परिजन व रिश्तेदार लाठी-डंडा, लोहे की कुल्हाड़ी, फरसा, छुरी और राफ्टर जैसे घातक हथियारों से लैस होकर पहुंच गए।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज, रवि राठौर, ब्यास नारायण, विक्रम राठौर और लक्की उर्फ विकास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के साथ भी मारपीट की गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में लहूलुहान सभी घायलों को तत्काल निजी वाहन से सिम्स अस्पताल (बिलासपुर) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शैलेष राठौर उर्फ राज को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों—ब्यास नारायण, रवि, विकास और विक्रम—की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।
13 बालिग आरोपी सलाखों के पीछे, हथियार बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और सीएसपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस व एसीसीयू की टीम ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, छुरी और डंडे जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
* बोधीराम राठौर (75 वर्ष), गतौरा
* संतोष राठौर (47 वर्ष), खोखरा दर्रीपारा, जांजगीर
* दिलीप कुमार राठौर (45 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* दीपक कुमार राठौर (42 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* आकाश राठौर (19 वर्ष), खोखरा दर्रीपारा, जांजगीर
* शंकर राठौर उर्फ नंदू (33 वर्ष), गतौरा
* आकाश राठौर उर्फ मोनू (19 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* सूरज कुमार राठौर (40 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* रोहित कुमार राठौर (36 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* सुनील उर्फ राजा राठौर (28 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* प्रकाश उर्फ लालू राठौर (23 वर्ष), खोखरा दर्रीपारा, जांजगीर
* रवि कुमार राठौर (25 वर्ष), गतौरा जनकपहरी
* आयुष राठौर (21 वर्ष), सारागांव, जांजगीर-चांपा
(इसके अतिरिक्त 1 नाबालिग को भी पकड़ा गया है)
पुलिस ने सभी बालिग आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या, बलवा व अन्य संबंधित धाराओं के तहत अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
✒️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!