Thursday, October 1 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बिलासपुर में अवैध घुसपैठियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: सिरगिट्टी से 23 संदिग्ध भेजे गए डिटेंशन सेंटर, बंगाल तक पहुंची एसटीएफ की जांच

State Head - State_head_abhishek
State Head - State_head_abhishek
22 Views 5 Min Read 0 Comments
बिलासपुर में अवैध घुसपैठियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: सिरगिट्टी से 23 संदिग्ध भेजे गए डिटेंशन सेंटर, बंगाल तक पहुंची एसटीएफ की जांच

बिलासपुर में अवैध घुसपैठियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: सिरगिट्टी से 23 संदिग्ध भेजे गए डिटेंशन सेंटर, बंगाल तक पहुंची एसटीएफ की जांच

बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ में बिना वैध दस्तावेजों के गैर-कानूनी तरीके से रह रहे विदेशी घुसपैठियों और अवैध प्रवासियों पर बिलासपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। राज्य शासन के कड़े निर्देशों के बाद शुरू किए गए सघन अभियान के तहत सिरगिट्टी इलाके में रह रहे 23 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर दस्तावेज सत्यापन पूरा होने तक होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर (रायपुर) भेज दिया गया है। मामले की जड़ें खंगालने के लिए बिलासपुर पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों तक पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

 

एएसपी के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स गठित

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) रजनीश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला की अगुवाई में 7 निरीक्षकों की एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों के निवास, पहचान और दस्तावेजों की सघन जांच पड़ताल के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया।

बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची पुलिस टीम

जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे संदिग्ध मिले जिनके पहचान पत्रों पर गहरा संदेह था। दस्तावेजों की प्रमाणिकता जांचने एसटीएफ की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची। वहां के स्थानीय पुलिस अधिकारियों और सीमावर्ती थाना प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर अवैध घुसपैठ, सीमा पार से भारत में प्रवेश के रास्तों और उनके बिलासपुर में ठहरने के नेटवर्क से जुड़े अहम इनपुट एकत्र किए गए।

23 संदिग्ध भेजे गए डिटेंशन सेंटर

प्रारंभिक जांच और संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्धों को 4 सितंबर को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। जब तक इनके मूल पते और राष्ट्रीयता का सत्यापन पूरा नहीं होता, ये सेंटर में ही निगरानी में रहेंगे।

पहले भी हो चुकी है डिपोर्टेशन और क्विट इंडिया की कार्रवाई

बिलासपुर पुलिस पूर्व में भी विदेशी घुसपैठियों पर सख्त एक्शन ले चुकी है:

 * तोरवा थाना क्षेत्र से पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद हुसैन उर्फ सुब्रती शर्मा उर्फ सागर (निवासी जिला जशोर, बांग्लादेश) के खिलाफ 12 जुलाई 2025 को क्विट इंडिया (Quit India) के तहत निर्वासन की कार्रवाई की गई थी।

 * तोरवा क्षेत्र में ही बांग्लादेश की एक नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 122/2025 के तहत आरोपी हृदय कुमार शर्मा को जेल भेजा गया था, जिसे अब न्यायालयीन आदेश के बाद डिपोर्टेशन की प्रक्रिया के तहत रायपुर डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

टोल-फ्री नंबर जारी, जनता से सहयोग की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी व्यक्ति बिना वैध पहचान पत्र, संदिग्ध आचरण या संदिग्ध दस्तावेजों के साथ रहता दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आम जनता की सुविधा और गोपनीयता के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शहर की आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध प्रवासी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी

State Head - State_head_abhishek
Written by

State Head - State_head_abhishek

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos