बिलासपुर में ACCU और सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में सुलझी चोरी की गुत्थी, नाबालिग निकला शातिर चोर; दो गाड़ियां और मोबाइल बरामद
बिलासपुर।
शहर में दोपहिया वाहनों और मोबाइल चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए सरकंडा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को अपने संरक्षण में लिया है। पकड़े गए अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी की एक पल्सर बाइक, एक प्लेजर स्कूटी और एक सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया है।
रात में घर के बाहर से पार हुई थी पल्सर बाइक
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को प्रार्थी सलीम मिरी (30 वर्ष) ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 31 अगस्त की रात उनके कमरे के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल (CG 10 BM 1677) अज्ञात चोर ले उड़े थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1242/2026, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तार डायरेक्ट कर चुराता था गाड़ियां
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश, एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस व ACCU ने जांच का दायरा बढ़ाया। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक बालक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर जब उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने वाइजर का तार डायरेक्ट कर बाइक चुराने का जुर्म कबूल कर लिया।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी बालक ने अन्य इलाकों में की गई चोरियों का भी पर्दाफाश किया:
* खपरगंज (कोतवाली क्षेत्र): जवाली नाला रोड से चोरी की गई प्लेजर स्कूटी (CG 04 MX 7653)।
* साइंस कॉलेज के पास: एक मकान से पार किया गया काले रंग का सैमसंग मोबाइल।
छिपाकर रखी थी गाड़ियां, किशोर न्याय बोर्ड में पेश
नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने सीपत रोड स्थित ज्योति होटल के पीछे पानी टंकी के पास छिपाकर रखी गई दोनों गाड़ियां और उसकी जेब से सैमसंग मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!