बिलासपुर-पेंड्रा रोड सेक्शन में रेलवे की कड़ी टिकट चेकिंग, 130 मामलों में 79.51 हजार का जुर्माना वसूला
बिलासपुर। रेलवे में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्ती दिखाई गई। यात्रियों की सुविधा और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल के बिलासपुर-पेंड्रा रोड-बिलासपुर सेक्शन में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे की टीम ने 13 ट्रेनों में जांच कर 130 मामलों में कुल 79,510 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में 21 अगस्त को चलाए गए इस विशेष अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई और आरपीएफ स्टाफ की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने सेक्शन से गुजरने वाली 13 ट्रेनों को खंगाला और यात्रियों के टिकटों की जांच की।
अभियान में सामने आए मामलों में सबसे अधिक बिना टिकट यात्रा के 114 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 75,845 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं अनियमित टिकट के 4 मामलों में 2,465 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों में 1,200 रुपये की राशि वसूल की गई।
13 ट्रेनों में जांच, यात्रियों में मचा हड़कंप
अचानक और किलाबंदी तरीके से हुई टिकट जांच के चलते बिना उचित टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही। रेलवे की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई की।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले उचित यात्रा टिकट जरूर लें। रेलवे परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना भी अनिवार्य है। साथ ही एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय फुटओवर ब्रिज का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
रेलवे का स्पष्ट संदेश है कि यात्रियों की सुरक्षा और राजस्व व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अनियमितताओं पर आगे भी ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!