बिलासपुर पुलिस का आधी रात ‘ऑपरेशन क्लीन’: सिरगिट्टी में ताबड़तोड़ छापेमारी, 6 हथियारबंद बदमाश और 1 फरार आरोपी गिरफ्तार
सिरगिट्टी / बिलासपुर:

अपराधियों और चाकूबाजी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने आधी रात को संवेदनशील इलाकों में अचानक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 6 बदमाशों को धारदार हथियारों के साथ दबोचा, वहीं गंभीर चोट पहुंचाने के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर सभी को जेल भेज दिया।
संवेदनशील इलाकों की घेराबंदी, 50 संदिग्धों की हुई तलाशी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) और प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल ने गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा जैसे संवेदनशील व नशाखोरी वाले इलाकों को चारों तरफ से घेर लिया। अभियान के दौरान सड़क पर घूम रहे 40 से 50 संदिग्धों और निगरानीशुदा बदमाशों की बारीकी से तलाशी ली गई।
तलवार व 5 चाकू बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
तलाशी के दौरान 6 युवकों के पास से 1 धारदार तलवार और 5 खतरनाक चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल सभी को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपी:
* विकास सिंह (32 वर्ष), निवासी कंचन विहार, सिरगिट्टी
* प्रमोद कुर्मी (26 वर्ष), निवासी नयापारा, बिजली ऑफिस के पास
* अनिकेत नेताम (24 वर्ष), निवासी गोंडवाना चौक, नयापारा
* लक्की नेताम (22 वर्ष), निवासी गोंडवाना चौक, नयापारा
* राम नायक (18 वर्ष), निवासी दामाद मोहल्ला, सिलपहरी
* रोहित तांडी (34 वर्ष), निवासी महिमानगर, सिरगिट्टी
फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
सर्चिंग के दौरान पुलिस ने मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रोहित धुरी (36 वर्ष, निवासी बन्नाकडीह) को भी घेराबंदी कर धर दबोचा।
पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और खुलेआम हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!