✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बिलासपुर। बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में ट्रेन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह ट्रेन के C-1 कोच के शौचालय में लगा शेल्फ अचानक एक यात्री के सिर पर गिर गया, जिससे यात्री के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यात्री बिलासपुर से नागपुर की यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वह शौचालय गए थे, तभी अचानक शेल्फ उनके सिर पर आ गिरा। चोट लगने के बाद सिर से खून बहने लगा। यात्री किसी तरह शौचालय से बाहर निकले और साथी यात्रियों ने तत्काल घटना की जानकारी टीटीई को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान भी मौके पर पहुंचा। ट्रेन में संयोग से दो चिकित्सक भी यात्रा कर रहे थे। उन्होंने आरपीएफ के सहयोग से घायल यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और चोट पर मरहम-पट्टी की।
बताया गया कि ट्रेन में नियमित रूप से चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध नहीं होती, लेकिन इस घटना के समय दो चिकित्सकों का मौजूद होना घायल यात्री के लिए राहत की बात रही।
घटना के बाद ट्रेन की सुविधाओं और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्री की ओर से इस मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी की गई है। अब देखना होगा कि रेलवे इस घटना की जांच कर शौचालय में लगे शेल्फ के अचानक गिरने के कारणों का पता लगाता है या नहीं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!