तहसील रिपोर्टर - नोमेश साहू
बिलासपुर तीजा मनाने रीवा गई थी महिला, पीछे घर में टूट गया ताला... 6 लाख से ज्यादा के जेवर-नकदी पार,
सकरी थाना क्षेत्र के उस्लापुर स्थित सागरदीप कालोनी में एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 6 लाख 15 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना के समय मकान मालकिन तीजा त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 305 (ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सागरदीप कालोनी, उस्लापुर निवासी बिन्द्रावती मिश्रा 62 वर्ष घरेलू काम करती हैं। उनके पति राधामोहन मिश्रा सीएएफ में पीसी के पद पर पदस्थ थे, जिनका वर्ष 2015 में निधन हो गया था। तीजा त्योहार के बाद बिन्द्रावती करीब एक माह के लिए अपने पैतृक गांव रीवा चली गई थीं। घर में उनका बेटा आशीष मिश्रा अकेला था।
प्रार्थिया के अनुसार 29 सितंबर को रिश्ते के नाती अभिमान द्विवेदी ने फोन कर बताया कि उनके घर में 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात चोरी हो गई है।
सूचना मिलने के बाद बिन्द्रावती 3 अक्टूबर को रीवा से उस्लापुर लौटीं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर आलमारी का ताला टूटा मिला और लॉकर से जेवरात व नकदी गायब थी।
चोरी गए सामान में सोने का हार, एक जोड़ी झुमका, माथा टीका, नथ, दो महिला अंगूठी और एक पुरुष अंगूठी शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी पायजेब, करधन, तीन जोड़ी बिछिया और 12 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। प्रार्थिया ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपये बताई है।
सकरी पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!