बिलासपुर/हिर्री:
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत हिर्री पुलिस को एक और सफलता मिली है। ग्राम सरसेनी में अपनी घर-दुकान की आड़ में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब छिपाकर बेचने वाले एक 23 वर्षीय युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर रेड
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और सीएसपी राजेश जोशी के निर्देश पर थाना प्रभारी दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान 22 सितंबर की सुबह करीब 10:10 बजे मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि सरसेनी निवासी गोविंदा कुमार नायक अपने घर व दुकान में भारी मात्रा में शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
थैले में छिपाकर रखे थे 57 पाव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक काले-लाल रंग के लाइनदार कपड़े के थैले में छिपाकर रखी गई 57 पाव 'रोमियो' देशी प्लेन मदिरा (कुल 10.260 लीटर, अनुमानित कीमत ₹4,560) बरामद हुई। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर माल को जब्त कर लिया गया।
आरोपी जेल दाखिल
* गिरफ्तार आरोपी: गोविंदा कुमार नायक (23 वर्ष), पिता राजकुमार नायक, निवासी ग्राम सरसेनी, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र राजपूत, आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप, रुद्रशंकर तिवारी, सूरज कुर्रे, जयप्रकाश कंवर और महिला आरक्षक हेमलता उरांव की सक्रिय भूमिका रही।
✒️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!