रिपोर्टर: आशीष यादव
जिला रिपोर्टर | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
रतनपुर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पर फिर लगा ब्रेक! 25 अक्टूबर को शुरू हुई फ्ला जोइट अगले ही दिन बंद, 42 यात्रियों की बुकिंग के बावजूद नहीं भरी उड़ान

हवाई यात्रियों में नाराजगी, हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने उठाए सवाल; एयरपोर्ट प्रबंधन और एविएशन विभाग के अलग-अलग बयानों से असमंजस की स्थिति
बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ रहा है। करीब 37 दिनों तक बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को दोबारा शुरू हुई बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा अगले ही दिन फिर ठप हो गई। हैरानी की बात यह है कि दोबारा संचालन के पहले दिन 36 यात्रियों ने इस उड़ान से सफर किया था, वहीं अगले दिन के लिए 42 यात्रियों की टिकट बुकिंग भी हो चुकी थी। इसके बावजूद विमान का संचालन नहीं किया गया। इस घटनाक्रम ने बिलासपुर के हवाई यात्रियों के बीच नाराजगी बढ़ा दी है।

पहले भी बंद हो चुकी है हवाई सेवा
गौरतलब है कि बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पहले भी यात्रियों की कम संख्या का हवाला देकर बंद की जा चुकी है। 12 अगस्त 2026 को उड़ान का समय सुबह से बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस दौरान सुबह की फ्लाइट में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। इसके बावजूद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देते हुए सेवा बंद कर दी गई थी।
उस समय यात्रियों को आश्वासन दिया गया था कि विंटर शेड्यूल में बिलासपुर से कोलकाता के लिए दोबारा हवाई सेवा शुरू की जाएगी। लंबे इंतजार के बाद 25 अक्टूबर को विमान ने फिर उड़ान भरी, लेकिन अगले ही दिन सेवा बंद होने की खबर सामने आने से यात्रियों की उम्मीदों को झटका लगा है।
42 टिकट बुक, फिर भी क्यों नहीं हुआ विमान का संचालन?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अगले दिन की बुकिंग को लेकर खड़ा हो रहा है। जब 42 यात्रियों ने टिकट बुक करा रखी थी, तो आखिर विमान का संचालन क्यों नहीं किया गया? क्या तकनीकी कारण था, क्या परिचालन संबंधी कोई समस्या थी या फिर कंपनी ने किसी अन्य वजह से उड़ान रद्द की? इन सवालों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने जताई नाराजगी
बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार और नियमित विमान सेवाओं की मांग को लेकर संघर्ष कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ हवाई सेवा के नाम पर मजाक किया जा रहा है।
समिति ने सवाल उठाया कि जब 42 यात्रियों की टिकट बुकिंग हो चुकी थी, तब भी उड़ान का संचालन क्यों नहीं किया गया? बार-बार यात्रियों की संख्या कम होने का हवाला देकर हवाई सेवा बंद करना उचित नहीं है। समिति ने इस मामले में स्पष्टता और नियमित हवाई सेवा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
एलायंस एयर ने दी सेवा बंद होने की जानकारी
एयरपोर्ट डायरेक्टर बीरेन सिंह के अनुसार, बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर की ओर से प्राप्त हुई है। हालांकि, एयरलाइन कंपनी की तरफ से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
एविएशन विभाग का दावा- फ्लाइट बंद नहीं हुई
वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ एविएशन विभाग के डायरेक्टर मुकेश बंसल का कहना है कि बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट बंद नहीं हुई है। इसे हैदराबाद से जोड़ने की कोशिश की जा रही है और उड़ान का संचालन जारी है।
एक ही हवाई सेवा को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन और एविएशन विभाग के अलग-अलग बयान सामने आने से पूरे मामले में स्थिति और उलझ गई है। यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा है कि बिलासपुर से कोलकाता के लिए उड़ान वास्तव में बंद है या फिर इसे किसी नए रूट और शेड्यूल के तहत संचालित करने की तैयारी चल रही है।
यात्रियों को आखिर कब मिलेगी नियमित हवाई सुविधा?
बिलासपुर संभाग के हजारों यात्रियों के लिए कोलकाता एक महत्वपूर्ण गंतव्य है। व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को नियमित हवाई सेवा की आवश्यकता है। ऐसे में बार-बार उड़ान बंद होने और शुरू होने की अनिश्चितता यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा नियमित रूप से कब शुरू होगी? क्या यात्रियों को पहले की तरह भरोसेमंद हवाई सुविधा मिल पाएगी या फिर हर बार की तरह उन्हें नई तारीख और नए आश्वासन का इंतजार करना पड़ेगा?
बिलासपुर के यात्रियों की मांग स्पष्ट है—हवाई सेवा केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से संचालित हो, ताकि न्यायधानी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!