बिलासपुर के कोनी में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़: 3 शातिर चोर गिरफ्तार, नाबालिग साथी भी पकड़ाया; ₹4.81 लाख का मशरूका बरामद
बिलासपुर।
कोनी थाना क्षेत्र में लगातार सूने मकानों के ताले चटकाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी की तीन बड़ी वारदातों को सुलझाते हुए गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उनके साथ शामिल एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका—जिसमें लगभग 1.2 किलो चांदी, 12 ग्राम सोना, दो बाइक और नगदी सहित कुल ₹4,81,488 का माल बरामद किया है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
कोनी क्षेत्र में बीते 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़कर जेवरात व नकदी पार कर दी थी। प्रार्थियों की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर सबसे पहले एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने गिरोह के अन्य साथियों के साथ मिलकर सिलसिलेवार चोरियां कबूल कर लीं।
पूछताछ के बाद तीनों साथी दबोचे गए
नाबालिग से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने ग्राम घुटकू निवासी तीन युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा:
* राहुल यादव (22 वर्ष), पिता दिनेश यादव (महामाया पारा)
* भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20 वर्ष), पिता स्व. इतवारी वर्मा (बस स्टैंड के पास)
* राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28 वर्ष), पिता सरजू प्रसाद यादव (गोदामपारा)
कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने सब्बल से ताला तोड़कर घरों में घुसने और नकदी-जेवर समेटने की बात स्वीकार की।
बरामद सामान
* चांदी के आभूषण: 1 किलो 190 ग्राम
* सोने के आभूषण: 12 ग्राम
* वाहन: 02 नग मोटरसाइकिल
* मोबाइल फोन: 01 नग (ओप्पो)
* नगदी: ₹6,700/-
* घटना में प्रयुक्त औजार: 01 लोहे का सब्बल
पुलिस ने तीनों बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। शत-प्रतिशत बरामदगी और त्वरित खुलासे से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!