✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में सोमवार को 22 वर्षीय छात्रा पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश उसके प्रेमी ने रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने दोस्त को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर छात्रा लाइब्रेरी से लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में छात्रा के चेहरे सहित शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में प्रथम दृष्टया वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आई है।
वारदात के बाद बस से भाग रहा था आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद भैरमगढ़ से आया आरोपी बस से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे रास्ते में पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया।
साजिश और एसिड खरीदने की भी जांच

पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि एसिड कहां से खरीदा गया, हमले की साजिश कब और कैसे रची गई तथा वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
एसिड अटैक की इस घटना से बालोद शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस द्वारा मंगलवार को मामले का विस्तृत आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!