✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बालोद। बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार आरोपी यश सोनकर और उसके साथी करण कुंजाम को मंगलवार को जिला न्यायालय में पेशी के लिए ले जाते समय आक्रोशित भीड़ ने घेर लिया। लोगों ने दोनों आरोपियों के साथ मारपीट की और उनके चेहरों पर कालिख पोत दी। भीड़ ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।
पुलिस दोनों आरोपियों को सुरक्षा के बीच थाने से न्यायालय तक पैदल लेकर जा रही थी। घड़ी चौक के पास भीड़ ने आरोपियों को देखते ही विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर न्यायालय पहुंचाया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेल भेजते समय दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाकर पुलिस वाहन तक ले जाया गया।
वकीलों ने पैरवी से किया इनकार
मामले को लेकर जिले के वकीलों में भी आक्रोश देखा गया। जानकारी के अनुसार, वकीलों ने आरोपियों की पैरवी करने से इनकार कर दिया है।
दूसरे युवक से बातचीत से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा और मुख्य आरोपी यश सोनकर एक ही ई-लाइब्रेरी में पढ़ते थे और करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। छात्रा की किसी दूसरे युवक से बातचीत को लेकर यश नाराज रहता था। आरोप है कि इसी कारण उसने अपने स्कूल के दोस्त और बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी करण कुंजाम के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले एसिड अटैक की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, करण को 26 सितंबर को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया गया था। दोनों ने अगले दिन दुर्ग से एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान छात्रा पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण उन्होंने उस समय हमला नहीं किया।
लाइब्रेरी से लौटते समय छात्रा पर फेंका एसिड
पांच अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास करण ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी दायीं आंख की रोशनी चली गई। उसका एक हाथ भी झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
घटना के बाद करण मौके से फरार होकर तांदुला डैम की ओर चला गया। एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
संदेह के आधार पर यश सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कथित साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल पर कराया गया वारदात का रिक्रिएशन
मंगलवार को पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, करण से वारदात का रिक्रिएशन कराया गया। उसने पुलिस को बताया कि छात्रा पर किस तरह एसिड फेंका गया और वारदात के बाद वह किस रास्ते से फरार हुआ।
मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!