Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बाल दिवस पर श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल में यातायात पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के तरीके

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

🔵 बड़ी खबर | बाल दिवस पर पुलिस की खास पहल 

 

नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों पर होगी कार्रवाई, मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत है सख्त कानूनी प्रावधान

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 नवंबर 2026।  देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर जिला यातायात पुलिस द्वारा बिलाईगढ़ स्थित श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव और नवीन कानूनों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति स्नेह और उनके उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विचारों को साझा करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।

 

यातायात नियमों का पालन करने की दी समझाइश

 

जागरूकता सत्र में बच्चों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोटरसाइकिल और कार जैसे वाहन नहीं चलाने चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।

 

साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय

 

डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सतर्क रहने तथा अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

 

साथ ही बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

 

अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को न दें वाहन

 

यातायात पुलिस ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर भी उचित निगरानी रखें। अभिभावक स्वयं यातायात नियमों का पालन कर बच्चों के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें।

 

पुलिस ने बताया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने की स्थिति में मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है।

 

 सुरक्षित बचपन और जिम्मेदार नागरिक बनाने की पहल

 

इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से यातायात पुलिस ने बच्चों को न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने, बल्कि डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित रहने का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही यातायात अनुशासन, साइबर सुरक्षा और कानून के प्रति

सम्मान की भावना विकसित करना है।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos