✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
जिला मुख्यालय। कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने सहित मनरेगा, एग्रीस्टैक ई-केवाईसी और राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के मकान, फसल एवं पशुधन की क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर नियमानुसार मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावितों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मनरेगा के तहत 50 लाख मानव दिवस सृजन के लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मनरेगा कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही किसानों के एग्रीस्टैक ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों की प्रक्रिया जल्द पूर्ण कराने को कहा गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने राहत शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!