✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बाढ़ प्रभावितों की सेहत पर सरकार की पैनी नजर, राहत शिविरों में 24×7 मेडिकल सेवाएं
डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ की चौबीसों घंटे ड्यूटी, मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस अलर्ट मोड पर
बस्तर। बाढ़ की चुनौती के बीच राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जगदलपुर के राहत शिविरों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है, जहां जरूरतमंदों को तत्काल प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं एंबुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बिना देरी के बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जलजनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष फोकस
बाढ़ के बाद संभावित डायरिया, बुखार, उल्टी सहित जलजनित एवं मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। स्वास्थ्य टीमें प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी के साथ बीमारी के लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों की राहत, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय है। प्रशासन का प्रयास है कि आपदा की इस घड़ी में किसी भी जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधा के लिए परेशानी न उठानी पड़े और हर प्रभावित परिवार तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!