✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बागबाहरा में विकास कार्यों को मिली नई सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया स्मृति भवन का भूमिपूजन और ओपन स्टेडियम का लोकार्पण
स्मृति भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा, युवा संवाद में विद्यार्थियों को दिया करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं का मार्गदर्शन
महासमुंद/बागबाहरा, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बागबाहरा प्रवास के दौरान शिक्षा और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात दी। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में स्मृति भवन एवं शिशु वाटिका का भूमिपूजन किया। वहीं शासकीय खेमराज लक्ष्मीचंद कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में 134.67 लाख रुपये की लागत से निर्मित ओपन स्टेडियम का फीता काटकर लोकार्पण किया।
🔶 स्मृति भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा
सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्मृति भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया।
स्मृति भवन का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में 5,795 वर्गफुट क्षेत्र में भूतल पर कक्षाओं का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत 75 लाख 33 हजार रुपये है। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने भवन निर्माण में सराहनीय पहल करते हुए एक ही दिन में 30 लाख रुपये का सहयोग दिया है।
वहीं दूसरे चरण में प्रथम तल पर लैब, हॉल एवं गेस्ट रूम का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 51 लाख रुपये है। इस निर्माण से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
🔶 134.67 लाख की लागत से बने ओपन स्टेडियम का लोकार्पण
इसके बाद वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने शासकीय खेमराज लक्ष्मीचंद कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय बागबाहरा में 134.67 लाख रुपये की लागत से निर्मित ओपन स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस सुविधा से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
🔶 युवा संवाद में विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
महाविद्यालय परिसर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने आईआईएम, एम्स, ट्रिपल आईटी, एचएनएलयू और सिपेट जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के संबंध में विद्यार्थियों से सवाल पूछे।
सही जवाब देने वाले और प्रश्न पूछने वाले युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें खरीदने के लिए प्रति जवाब एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। साथ ही जनप्रतिनिधि श्रीमती अलका चंद्राकर को विद्यार्थियों को इन राष्ट्रीय संस्थानों का भ्रमण कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी, ताकि युवा इन संस्थानों की कार्यप्रणाली को समझकर अपने करियर की दिशा तय कर सकें।
🔶 लक्ष्य तय करें, योजना बनाएं और मेहनत से तैयारी करें : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन भविष्य निर्माण का स्वर्णिम अवसर है। विद्यार्थियों को अभी से अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप योजना और तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। अगले 5 से 7 वर्षों में निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास करने से वे अपनी इच्छानुसार सफलता हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन में सही समय पर सही निर्णय लेना बेहद जरूरी है। जब तक लक्ष्य निर्धारित नहीं होगा, तब तक आगे बढ़ने की दिशा स्पष्ट नहीं होगी। युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार नर्सिंग, तकनीकी एवं कला सहित रोजगारमूलक पाठ्यक्रमों में भी करियर बनाने के अवसर तलाशने चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम्, राष्ट्रगान जन गण मन एवं छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत अरपा पैरी के धार का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री परेस बागबाहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, श्री येतराम साहू, श्री भीखम सिंह ठाकुर, श्रीमती अलका चंद्राकर, अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य शिव गोपाल रात्रे, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिक्षा, खेल और करियर मार्गदर्शन को एक साथ जोड़ते हुए बागबाहरा में हुए इन आयोजनों से विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों और बेहतर भविष्य की उम्मीद मजबूत हुई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!