✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बागबाहरा में तंबाकू के खिलाफ संयुक्त प्रवर्तन दल की कार्रवाई, 24 चालान काटे
महासमुंद, 08 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बागबाहरा क्षेत्र के पचेड़ा और मामा-भांचा गांव में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के खिलाफ संयुक्त प्रवर्तन दल ने कार्रवाई की। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 24 चालान काटे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में डीपीएम श्रीमती नीलू घृतलहरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी एनटीसीपी डॉ. छत्रपाल चंद्राकर के सहयोग से औषधि निरीक्षक श्रीमती प्रियंका दीवान ने कार्रवाई की।
टीम ने कोटपा एक्ट की धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, धारा 6(अ) के तहत नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद के उपयोग एवं बिक्री तथा धारा 6(ब) के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की।
इसके साथ ही पचेड़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशा उन्मूलन को लेकर आईईसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को तंबाकू एवं नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा विद्यालय को तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनाने की प्रक्रिया भी पूर्ण की गई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!