मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बस्तर में 'सेवा संकल्प अभियान' का भव्य आगाज, 7 लाख दीयों से जगमगाया जिला
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, कहा- बस्तर की जनता ने PM मोदी के प्रति जताया आभार
जगदलपुर, 17 सितंबर 2026।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बस्तर जिले में महीने भर चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ।
इस पावन अवसर पर समूचे जिले में 7 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत सवा लाख, जगदलपुर शहर में ढाई लाख और ग्रामीण अंचलों में साढ़े चार लाख दीयों की रोशनी बिखरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता ने यह दीप जलाकर नक्सलमुक्त बस्तर की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और आशीर्वाद प्रकट किया है।
बस्तर से बारूद की गंध खत्म, महुआ की महक लौटी - डिप्टी सीएम
जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य शौर्य और जनसहयोग से नक्सलवाद का कैडर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। पिछले पचास वर्षों से जिस बारूद की गंध में बस्तर जकड़ा था, वहां अब महुआ की महक और मेलों-मड़इयों की रौनक लौट आई है। ग्रामीण अब बेखौफ होकर अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एनआईए जांच और सरकार की ठोस नीतियों के चलते 9 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए, 14 का पुनर्वास हुआ और न्यायिक इतिहास में 10 दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। थानों और गांवों में पुराने मामलों की जानकारी भी संकलित की जा रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
2014 के बाद देश में 'पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस' का दौर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश 'पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस' के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। स्वास्थ्य क्षेत्र में एमबीबीएस की सीटें 51 हजार से बढ़कर 1 लाख 29 हजार से अधिक हो गई हैं, दंतेवाड़ा में नया मेडिकल कॉलेज खुला है और एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 22 पहुंच गई है। धारा 370 की समाप्ति, सर्जिकल-एयर स्ट्राइक और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डे, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा, सीईओ तन्मय खन्ना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!