हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
बस्तर में CRPF जवानों ने पेश की मानवता की मिसाल: जलते वाहन से 7 लोगों की बचाई जान, बीमार छात्रा को भी पहुंचाया घर
बीजापुर। नक्सल प्रभावित बस्तर में जहां CRPF के जवान दिन-रात सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालते हैं, वहीं संकट की घड़ी में वो जनसेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश कर रहे हैं। ऐसी ही मानवता की दो मिसाल E/199 बटालियन के जवानों ने 9 अक्टूबर को पेश की।
पहली घटना - जलते वाहन से 7 लोगों को बचाया:
जानकारी के मुताबिक भैरमगढ़ के शुक्रवार बाजार से खरीदारी कर एक महिंद्रा वाहन से 6 महिलाएं और चालक राजूराम ताती जूनवानी की ओर लौट रहे थे। जूनवानी के पास अचानक वाहन में आग लग गई। गाड़ी में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर पास में ही सड़क सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात E/199 बटालियन के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।
जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले आग बुझाई और फिर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों की तत्परता से चालक समेत सातों लोग सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दूसरी घटना - बीमार स्कूली छात्रा की मदद:
इसी दिन पुशनार क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान जवानों को सड़क किनारे एक स्कूली छात्रा अस्वस्थ हालत में मिली। छात्रा तेज बुखार और कमजोरी के कारण खड़ी भी नहीं हो पा रही थी, उसकी मां परेशान खड़ी थी।
जवानों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। हालत में थोड़ा सुधार होने पर जवानों ने एक वाहन रुकवाकर छात्रा और उसकी मां को सुरक्षित उनके गांव भिजवाने की व्यवस्था की।
इस पूरे कार्य में E/199 बटालियन के जवानों के जज्बे की स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहना की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!