स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ जिला बस्तर
केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत - संकल्प अभियान' एवं 'राष्ट्रीय पोषण माह' के अंतर्गत 9 एवं 10 सितंबर 2026 को सद्भावना भवन, बस्तर में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप एवं छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष, नगर पंचायत बस्तर के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा पोषण अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों एवं आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास, कुपोषण की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में सही पोषण को स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला के रूप में रेखांकित किया जाएगा।
दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी में नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के साथ नशामुक्त जीवन, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित चित्र एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में बस्तर क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान गीत एवं नाट्य दल द्वारा नशामुक्ति, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। गीत, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक माध्यमों के जरिए सामाजिक संदेशों को प्रभावी एवं रोचक ढंग से युवाओं और आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!