✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट
कलेक्टर आकाश छिकारा ने टैबलेट देकर बढ़ाया हौसला, डॉक्टर बनकर बस्तर लौटने की अपील
जगदलपुर, 31 अगस्त 2026। बस्तर के दूरदराज अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को जब सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर मिलता है, तो वे सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं। इसका उदाहरण निशुल्क ‘ज्ञानगुड़ी’ कोचिंग संस्थान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर पेश किया है।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ज्ञानगुड़ी कोचिंग के चार होनहार विद्यार्थियों ने NEET काउंसलिंग के पहले ही राउंड में शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीट हासिल कर संस्थान और बस्तर का नाम रोशन किया है।
इन चार विद्यार्थियों का हुआ चयन
- समीर मरकाम — शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल (जगदलपुर)
- गीतेश्वरी सलाम — शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल (जगदलपुर)
- कुमारी कृष्णा सेन — शासकीय मेडिकल कॉलेज, कांकेर
- खुशबू बिस्वास — पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर
कलेक्टर से की सौजन्य मुलाकात
इस महत्वपूर्ण सफलता के बाद चारों विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर आकाश छिकारा से सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय कलेक्टर के निरंतर मार्गदर्शन, रणनीतिक सुझाव और प्रोत्साहन को दिया।
कलेक्टर श्री छिकारा ने चारों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी आगामी पढ़ाई के लिए टैबलेट उपहार स्वरूप प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि डॉक्टर बनने के बाद वे वापस बस्तर लौटें और यहां के जरूरतमंद लोगों की सेवा में अपना योगदान दें।
पिन-पॉइंट रणनीति और लगातार मार्गदर्शन से मिली सफलता
विद्यार्थियों ने बताया कि पूरे वर्ष कलेक्टर द्वारा दिए गए पिन-पॉइंट सुझावों और पढ़ाई की रणनीति ने उन्हें NEET में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की। कलेक्टर स्वयं समय-समय पर ज्ञानगुड़ी केंद्र का दौरा कर विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते रहे हैं। उन्होंने अपने UPSC की तैयारी के अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा कर उन्हें लक्ष्य के प्रति लगातार प्रेरित किया।
90 में से 50 विद्यार्थियों ने NEET किया क्वालिफाई
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष ज्ञानगुड़ी के 90 विद्यार्थियों में से 50 ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से चार विद्यार्थियों ने NEET काउंसलिंग के पहले ही राउंड में MBBS की सीट हासिल कर ली है।
इस उपलब्धि को ज्ञानगुड़ी और जिला प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जी. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव और संजीव बिस्वास भी उपस्थित रहे।
चारों विद्यार्थियों की सफलता से उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे बस्तर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!