Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

 *बस्तर ओलंपिक 2026 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को सांसद भोजराज नाग ने किया पुरस्कृत*

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🇮🇳

▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬

✍️ पद : जिला रिपोर्टर

📍 जिला : कांकेर

👤 नाम : शैलेन्द्र जैन

▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬

खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा बस्तर ओलंपिक- सांसद भोजराज नाग

 जिला मुख्यालय कांकेर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आज विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि आज बस्तर में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन के प्रयासों तथा अर्धसैनिक बलों, पुलिस जवानों और बस्तर फाइटर्स के युवाओं के योगदान से बस्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। पूर्व में नक्सलवाद के कारण विकास कार्य प्रभावित होते थे और लोग गांवों में जाने से डरते थे, लेकिन अब बस्तर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं के हुनर को निखारने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने के लिए बस्तर ओलंपिक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने हुनर के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रयास करें, शासन-प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। खेल से अनुशासन की सीख मिलती है, इसलिए जीवन में अनुशासन बनाए रखकर सफलता हासिल करें।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए श्री महेश जैन ने कहा कि खेल से व्यक्तित्व का विकास एवं निखार होता है। खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि हार भी हमें जीतने की सीख देती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों को निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर ओलंपिक युवाओं को खेल के क्षेत्र में अवसर प्रदान कर आगे बढ़ने की दिशा दे रहा है। युवा अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ें और आने वाले एआई के युग को देखते हुए अपने कौशल को निरंतर विकसित करें। उन्होंने कहा कि जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना एवं प्रतिभा का उत्सव मनाया गया। बस्तर ओलंपिक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कांकेर श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, भारतीय खाद्य निगम के सदस्य श्री हलधर साहू, श्री ईश्वर कावड़े, विकेश हिचामी, डॉ. ईश्वर सिन्हा, पीयूष वालेचा, अरविन्द जैन, अपर कलेक्टर श्री भागवत प्रसाद जायसवाल एवं श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित सभी विकासखण्डों से पहुंचे व्यायाम शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

 

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न खेलों में विकासखण्डों ने हासिल किया प्रथम स्थान

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 के सीनियर वर्ग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, हॉकी, लंबी कूद, ऊंची कूद, रिले रेस, दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक एवं भाला फेंक सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कबड्डी के पुरुष वर्ग में भानुप्रतापपुर विकासखण्ड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में कांकेर विकासखण्ड प्रथम रहा। फुटबॉल के बालक वर्ग में नरहरपुर विकासखण्ड तथा बालिका वर्ग में चारामा विकासखण्ड ने प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो के पुरुष वर्ग में दुर्गूकोंदल और महिला वर्ग में कांकेर विकासखण्ड विजेता रहे। हॉकी के सीनियर पुरुष वर्ग में कांकेर तथा महिला वर्ग में चारामा विकासखण्ड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

       इसी प्रकार एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में लंबी कूद के बालक वर्ग में डिगेश्वर (चारामा) एवं बालिका वर्ग में तारिणीका (भानुप्रतापपुर) प्रथम रहे। ऊंची कूद के बालक वर्ग में दिनेश कोर्राम (कांकेर) तथा बालिका वर्ग में वासिनी सिन्हा (चारामा) ने प्रथम स्थान हासिल किया। रिले रेस के बालक वर्ग में चारामा विकासखण्ड तथा महिला वर्ग में कांकेर विकासखण्ड विजेता रहे। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में तुषार ठाकुर (भानुप्रतापपुर) तथा बालिका वर्ग में तारणीका तेता (भानुप्रतापपुर) प्रथम रहे। 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में अभिषेक जाड़े (दुर्गूकोंदल) एवं बालिका वर्ग में तामेश्वर (भानुप्रतापपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में अभिषेक (दुर्गूकोंदल) तथा बालिका वर्ग में लता कोरेटी (कांकेर) विजेता रहे।

        इसी प्रकार गोला फेंक के बालक वर्ग में यशवंत (कांकेर) एवं बालिका वर्ग में लता कोरेटी (कांकेर) प्रथम रहे। तवा फेंक के बालक वर्ग में प्रकांत दर्राे (चारामा) तथा बालिका वर्ग में पूर्वी नेताम (कांकेर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक के बालक वर्ग में डिगेश्वर (चारामा) एवं बालिका वर्ग में दीपिका दुग्गा (दुर्गूकोंदल) प्रथम स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं सुदूर अंचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos