✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पदमनाभपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास गांजा बेच रहे महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.520 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पदमनाभपुर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसंत श्याम राव ओमकारे (32 वर्ष) निवासी अंतुले नगर, येवलेबाड़ी, थाना कोंढवा, पुणे, महाराष्ट्र बताया। आरोपी के पास रखे काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2.520 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा ₹540 नगद बिक्री रकम और करीब ₹1,000 कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹1,26,540 बताई गई है।
मामले में पदमनाभपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 529/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख), 27(क) NDPS Act के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी दूसरे राज्य से गांजा लेकर दुर्ग पहुंचा था और सार्वजनिक स्थान पर ग्राहकों की तलाश कर गांजे की बिक्री कर रहा था। पुलिस मामले में गांजा कहां से लाया गया और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!