हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
ब्लॉक रिपोर्टर – महेश्वर जायसवाल, कसडोल
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल 269 लोगों को अब तक इस योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा मिल चुकी है। योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर यानी पहले एक घंटे के भीतर घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाना है।
इस उपलब्धि को लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी पहल की जाए, ताकि समय पर उपचार मिलने से अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकें।
7 दिन तक 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज
पीएम राहत योजना भारत सरकार की राष्ट्रीय कैशलेस आपातकालीन उपचार योजना है, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी 2026 को किया था। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 7 दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। यह सुविधा सरकारी और योजना में शामिल निजी अस्पतालों में मिलती है। वाहन बीमित हो या बिना बीमा का, यहां तक कि हिट एंड रन के मामलों में भी पीड़ित को उपचार की सुविधा दी जाती है।
दुर्घटना की स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर एम्बुलेंस और नजदीकी अस्पताल की सहायता प्राप्त की जा सकती है।
घायलों की मदद करने वाले राहवीरों को 25 हजार का पुरस्कार
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले नेक व्यक्तियों को 'राहवीर' कहा जाता है। ऐसे राहवीरों को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। जिले में अब तक 5 राहवीरों को यह पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।
इसके अलावा हर वर्ष देश के 10 सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को एक लाख रुपये का राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिया जाता है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134A के तहत मदद करने वाले व्यक्तियों को कानूनी कार्रवाई और अनावश्यक पुलिस पूछताछ से सुरक्षा प्रदान की गई है।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!