✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बनकर पहुंची आबकारी उड़नदस्ता टीम ने पकड़ी ओवररेटिंग, ₹190 की शराब ₹200 में बेचते मिले दो सेल्समैन
दो विक्रेताओं पर आबकारी एक्ट में केस दर्ज, दुकान प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक निलंबित; दो सहायक जिला आबकारी अधिकारियों को नोटिस
महासमुंद, 10 सितंबर 2026। जिले में शराब की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य स्तरीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने छद्म ग्राहक बनकर तुमा डबरी (बेमचा) स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान में आकस्मिक जांच की। जांच के दौरान ₹190 निर्धारित कीमत वाली बैगपाईपर व्हिस्की की एक पाव बोतल ₹200 में बेचते हुए दो अलग-अलग विक्रेताओं को पकड़ा गया।
मामले में दोनों विक्रेताओं दिनेश्वर ध्रुव और गुलाब डहरिया के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, दुकान की निगरानी और नियंत्रण में लापरवाही सामने आने पर आबकारी उप निरीक्षक नितेश सिंह बैस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
छद्म ग्राहक बनकर पहुंची टीम, दो बार हुआ खरीद परीक्षण
राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने 7 सितंबर 2026 को तुमा डबरी (बेमचा) की कम्पोजिट मदिरा दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम ने पहले छद्म ग्राहक के माध्यम से शराब खरीदकर निर्धारित दर की जांच की।
इस दौरान विक्रयकर्ता दिनेश्वर ध्रुव ने बैगपाईपर व्हिस्की का एक पाव, जिसकी निर्धारित बिक्री कीमत ₹190 थी, ग्राहक को ₹200 में बेच दिया। इसके बाद टीम ने दोबारा खरीद परीक्षण किया। दूसरी बार विक्रयकर्ता गुलाब डहरिया ने भी ₹190 कीमत वाली शराब के लिए ₹200 वसूले।
₹380 की शराब के लिए वसूले ₹400
दोनों खरीद परीक्षण में कुल दो पाव शराब खरीदी गई। इसकी निर्धारित कीमत ₹380 थी, लेकिन ग्राहकों से कुल ₹400 वसूले गए। यानी निर्धारित दर से ₹20 अधिक की वसूली की गई। जांच के बाद दोनों विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत कार्रवाई की गई।
दुकान प्रभारी नितेश सिंह बैस निलंबित
ओवररेटिंग का मामला सामने आने के बाद विभाग ने इसे संबंधित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी के अभाव और नियंत्रण में लापरवाही का गंभीर मामला माना। इसके बाद आबकारी उप निरीक्षक नितेश सिंह बैस, जो मदिरा दुकान प्रभारी एवं वृत्त प्रभारी महासमुंद थे, को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता दुर्ग संभाग, दुर्ग निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
दो सहायक जिला आबकारी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
विभाग ने मामले में आगे भी कार्रवाई करते हुए सहायक जिला आबकारी अधिकारी दीपक ठाकुर और सहायक जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को कारण बताओ सूचना जारी की है। दोनों अधिकारियों से 7 दिवस के भीतर समाधानकारक जवाब मांगा गया है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ओवररेटिंग पर विभाग सख्त, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
इस कार्रवाई से साफ है कि शराब दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने के मामलों में आबकारी विभाग अब जिम्मेदारी तय करने की दिशा में सख्ती बरत रहा है। राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम द्वारा छद्म ग्राहक बनकर की गई जांच में ओवररेटिंग पकड़ में आने के बाद न केवल दो विक्रेताओं पर प्रकरण दर्ज हुआ, बल्कि दुकान प्रभारी के निलंबन और वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस की कार्रवाई से शराब दुकानों की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!