Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बड़ी खबर: शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की गोपनीय सूचना लीक होने का आरोप, इंस्पेक्टर विनीत दुबे निलंबित

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर की तलाश में रायपुर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपी पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसी बीच गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने और आरोपी को कथित तौर पर मदद पहुंचाने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है।

 

बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

 

गिरफ्तारी की योजना लीक होने का आरोप

 

जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है। आरोप है कि फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा तैयार की गई रणनीति और गोपनीय जानकारी लीक हो गई थी।

 

बताया जा रहा है कि पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए दबिश देने की योजना बनाई थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद गोपनीय सूचना लीक होने के मामले की जांच शुरू की गई।

 

इस प्रकरण में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे के निलंबन से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

 

शोएब ढेबर पर 15 हजार रुपये का इनाम

 

कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने वाले के लिए कुल इनाम की राशि 15 हजार रुपये हो गई है।

 

पुलिस ने अपील की है कि आरोपी के संबंध में जानकारी रखने वाला व्यक्ति पुलिस को सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले को घोषित इनाम दिया जाएगा।

 

क्या है 25 करोड़ की रंगदारी का मामला?

 

जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

 

शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।

 

इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। बाद में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया, जिसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

 

फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में विभागीय कार्रवाई ने इस पूरे प्रकरण को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos