Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

बजरंग चौक में अवैध शराब और गांजा कारोबार की शिकायत पर पुलिस की दबिश

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
5 Min Read 0 Comments
बजरंग चौक में अवैध शराब और गांजा कारोबार की शिकायत पर पुलिस की दबिश

जिला रिपोर्टर प्रकाश कुमार साहू हमार प्रदेश छत्तीसगढ़ जिला - बलोदाबाजार

 

महिलाओं ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

 

समलाई मंदिर के आसपास कथित अवैध कारोबार से मोहल्लेवासी परेशान

 

कार्रवाई नहीं होने पर थाना, एसडीएम कार्यालय और कलेक्ट्रेट में आंदोलन की चेतावनी

नगर पंचायत कसडोल के बजरंग चौक स्थित समलाई मंदिर के आसपास कथित रूप से लंबे समय से संचालित अवैध शराब एवं गांजा कारोबार को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कसडोल पुलिस ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भी अपराधियों पर कार्यवाही नहीं होने पर बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं थाने पहुंचीं और अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

 

लंबे समय से अवैध गतिविधियों से परेशान हैं मोहल्लेवासी

 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि समलाई मंदिर के आसपास शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। इसके कारण महिलाओं, बच्चों, राहगीरों एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब एवं गांजे की बिक्री का कारोबार संचालित हो रहा है। इस संबंध में स्थानीय महिलाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा पूर्व में भी पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 

पुलिस की दबिश से पहले अवैध सामग्री छिपाने का आरोप

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कसडोल पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया तथा संदिग्ध कारोबारियों के ठिकानों एवं घरों पर दबिश दी। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही संबंधित लोगों ने कथित अवैध सामग्री पहले ही छिपा दी थी। इसके चलते तलाशी के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। मोहल्लेवासियों ने इस मामले में प्रभावी निगरानी और लगातार कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।

 

महिलाओं ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

 

पुलिस की कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं कसडोल थाने पहुंचीं। महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि क्षेत्र में कथित अवैध शराब एवं गांजा कारोबार के कारण मोहल्ले का वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त एवं स्थायी कार्रवाई करने की मांग की।

 

ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा कारोबार पर शीघ्र प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो वे थाना परिसर, एसडीएम कार्यालय तथा जिला कलेक्ट्रेट के सामने आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। महिलाओं ने थाने में महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।

 

पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी निगाहें

 

महिलाओं की शिकायत और ज्ञापन के बाद अब पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों की निगाहें टिकी हुई हैं। मोहल्लेवासियों की मांग है कि केवल एक दिन की दबिश तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि बजरंग चौक एवं समलाई मंदिर के आसपास नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए।

 

फिलहाल बजरंग चौक क्षेत्र में कथित अवैध शराब एवं गांजा कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र में महिलाओं और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके।

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Written by

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos