✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन को लेकर हड़कंप मच गया। स्कूल में परोसे गए भोजन में डामर जैसी गंध वाली संदिग्ध गोली मिलने की बात सामने आई। खाना खाने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द और असहजता की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक 28 छात्राओं का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
भोजन में आई डामर जैसी गंध
स्कूल के प्रधान पाठक के अनुसार, कुछ छात्राओं ने मध्यान्ह भोजन में डामर जैसी गंध आने की शिकायत की थी। इसके बाद तत्काल अन्य बच्चों को भोजन करने से रोक दिया गया।
प्रधान पाठक ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार बच्चों को भोजन परोसने से पहले रसोइया द्वारा भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है। घटना वाले दिन भी एक रसोइया ने भोजन चखकर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद छात्राओं को भोजन परोसा गया।
प्रधान पाठक के मुताबिक, रसोइयों से पूछताछ के दौरान सावन मानिकपुरी नामक रसोइया ने बताया कि उनकी नातिन, जो स्कूल में अपनी मां के साथ आती है, उसके हाथ में फिनायल की छोटी गोली थी। आशंका जताई गई कि वही गोली गलती से चावल में गिर गई हो। हालांकि, रसोइया का कहना है कि उन्होंने भी वही भोजन खाया था और उन्हें उसमें कोई असामान्यता महसूस नहीं हुई।
भोजन में संदिग्ध गोली पहुंचने पर सवाल
पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन में आखिर संदिग्ध गोली कैसे पहुंची। क्या भोजन तैयार करने के दौरान लापरवाही हुई या खाद्य सामग्री की निगरानी और जांच में चूक हुई? फिलहाल इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्राओं का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!