✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बच्चों की गीत-गिनती से गूंजे आंगनबाड़ी केंद्र, ‘आंगन मिलन सेवा’ ने बांधी अपनत्व की डोर
पहले दिन 219 केंद्रों में हुआ आयोजन, कलेक्टर विनय लंगेह ने बच्चों से सुनी गिनती-एबीसीडी; स्वस्थ शिशुओं और हितग्राहियों का सम्मान
महासमुंद, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। पहले दिन जिले के 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। रंगोली, आकर्षक सजावट और स्थानीय परिवेश से जुड़ी सामग्री से सजे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की गीत, कविता, गिनती और एबीसीडी की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने सहभागिता कर बच्चों एवं आंगनबाड़ी हितग्राहियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कई केंद्रों में बच्चों और हितग्राहियों के लिए नेवता भोज का भी आयोजन हुआ।
लभरा खुर्द में बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह आंगनबाड़ी केंद्र लभरा खुर्द पहुंचे और बच्चों से सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से गीत और एबीसीडी सुनी तथा उनके उत्साहवर्धन के लिए उनसे बातचीत की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दशोदा साहू ने बताया कि केंद्र में 26 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें 2 बच्चे कुपोषित हैं तथा 8 गर्भवती महिलाएं केंद्र की सेवाओं से जुड़ी हैं। कलेक्टर ने बच्चों के पोषण एवं भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध पोषण सामग्री और बच्चों के लिए तैयार पौष्टिक थाली का भी अवलोकन किया।
शेर दर्रीपारा में कुपोषित बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश
कलेक्टर ने शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां 32 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित बच्चे की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उसे पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद सदस्य नीता साहू, सरपंच अनीता साहू एवं उपसरपंच भारती साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। केंद्र में 24 बच्चे मौजूद थे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुशांत ध्रुव ने कलेक्टर के सामने गिनती सुनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
स्वस्थ शिशुओं और हितग्राहियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ शिशुओं में भाव्या धीवर एवं उनकी माता पूर्णिमा धीवर को सम्मानित किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना की हितग्राही धनिता साहू एवं गोदावरी साहू को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
आंगन मिलन के दौरान जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए गीत, कविता, गिनती, एबीसीडी, खेल एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों से केंद्रों में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
हितग्राहियों ने बताया—आंगनबाड़ी से मिल रहा बच्चों और माताओं को सहारा
सम्मानित हितग्राही पूर्णिमा धीवर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी समय-समय पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे आयोजन से आंगनबाड़ी केंद्र के साथ जुड़ाव और अपनत्व की भावना और मजबूत हुई है।
वहीं धनिता साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के लिए सीखने और पोषण पाने का महत्वपूर्ण स्थान है। बच्चों के साथ गीत, खेल और विभिन्न गतिविधियों में सभी को शामिल होते देखकर उन्हें खुशी हुई। हितग्राहियों के सम्मान और सामूहिक भोजन से कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!