बच्चों का निवाला चुराने वाला नाबालिग कोटा पुलिस के हत्थे चढ़ा: स्कूल से राशन-बर्तन और बाइक चोरी का खुलासा
बिलासपुर (कोटा)।
शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में बच्चों के मध्याह्न भोजन के राशन और बर्तनों पर हाथ साफ करने वाले नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को कोटा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्कूल में चोरी के अलावा एक अन्य मामले में मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
स्कूल के कमरे से 1 क्विंटल राशन और बर्तन हुए थे पार
प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा की शिक्षिका आराधना पटेल ने 27 अगस्त को कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने स्कूल कार्यालय में रखी पेटी से मध्याह्न भोजन के लिए रखा 2 बोरी चावल (करीब 1 क्विंटल) और भोजन पकाने के बर्तन (थाली, डेचकी, गंजा आदि—कुल कीमत लगभग ₹8,000) चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) व 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर रेड, बाइक चोरी का भी हुआ खुलासा
जिले में चलाए जा रहे ‘प्रहार’ और नशा विरोधी अभियान के तहत एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुवारीमुड़ा में दबिश दी।
संदेह के आधार पर एक नाबालिग को पुलिस सुरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्कूल में चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने एक अन्य स्थान से मोटरसाइकिल चोरी करने का भी खुलासा किया।

बाल संप्रेषण गृह भेजा गया
मामला गैर-जमानती होने के कारण विधि से संघर्षरत बालक को विधिक प्रक्रिया पूरी कर बाल संप्रेषण गृह, बिलासपुर भेज दिया गया है।
इस त्वरित खुलासे में उपनिरीक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर (195) और थाना कोटा स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!