हमर प्रदेश सीजी न्यूज जागेश्वर पटेल जिला रिपोर्टर गरियाबंद
फिंगेश्वर: 4 माह से टूटी पुलिया, प्रशासन बेपरवाह - 23 अक्टूबर को NH-130C पर चक्काजाम करेंगे हजारों ग्रामीण
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक में शासन-प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत रवेली (लोहरसी) में सरगी नाला की पुलिया चार माह पहले बारिश में बह गई थी, लेकिन आज तक वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं बन पाई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने 23 अक्टूबर को कोपरा नेशनल हाईवे 130-C पर चक्काजाम का ऐलान कर दिया है।
दरअसल, तेज बारिश के चलते सरगी नाला का जर्जर पुलिया एक किनारे से पूरी तरह बह गया। तब से मुरमुरा, सांकरा, फुलझर, गाड़ाघाट सहित दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है और इस रास्ते पर आवागमन पूरी तरह बंद है।
इससे स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को 12 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने विधायक, कलेक्टर, PWD विभाग और सीएम हेल्पलाइन 1076 पर लिखित शिकायत की, लेकिन चार महीने बाद भी कोई अधिकारी सुध लेने नहीं आया।
इसी को लेकर 18 अक्टूबर को ग्राम विकास समिति रवेली ने विशेष बैठक बुलाई, जिसमें 23 अक्टूबर को कोपरा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने का फैसला लिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि चक्काजाम के दौरान किसी भी घटना की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
*मौजूद ग्रामीण:*
बैठक में ग्राम विकास समिति के संरक्षक श्रवण यादव, अध्यक्ष लक्ष्मण कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत यादव, सचिव रमेश कश्यप, सलाहकार तुलसीराम निषाद, गणेश निषाद, सरपंच प्रतिनिधि लोमश ध्रुव, मुकुंद निषाद, गिरधारी विश्वकर्मा, घनश्याम मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!