फसल चरने के मामूली विवाद में रूह कंपा देने वाली क्रूरता: अधेड़ को घेरकर जबरन पिलाया कीटनाशक, तड़प-तड़पकर मौत; 4 दरिंदे गिरफ्तार
हिर्री पुलिस का बड़ा एक्शन: झाड़ियों से बरामद हुआ जहर का डिब्बा, हत्या में शामिल नाबालिग समेत सभी आरोपी भेजे गए जेल
बिलासपुर।
इंसानियत को तार-तार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात में खेत की फसल चरने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग पर 58 वर्षीय अधेड़ राजू निर्मलकर को दबंगों ने बेरहमी से घेर लिया और मुंह दबाकर जबरन जहरीला कीटनाशक पिला दिया। जहर के असर से तड़पते हुए बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए हिर्री पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 4 हत्यारों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
खौफनाक वारदात: फसल चरने की बात पर रच डाली मौत की साजिश
27 अगस्त की सुबह करीब 7:45 बजे ग्राम पथराली निवासी राजू निर्मलकर (58 वर्ष) मुरू-खरकेना मार्ग पर थे। इसी दौरान खेत की फसल मवेशियों द्वारा चरने की बात को लेकर आरोपियों के साथ उनका विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं:
* दबोचकर जबरन पिलाया जहर: आरोपियों ने राजू निर्मलकर को चारों तरफ से जकड़ लिया और हत्या करने की नीयत से जबरदस्ती उनके मुंह में कीटनाशक (जहरीली दवा) उड़ेल दी।
* झाड़ियों में छिपाया सुबूत: अधेड़ को तड़पते छोड़ आरोपी मौके से फरार हो गए और जहर के खाली डिब्बे को पास की झाड़ियों में छिपा दिया।

* पत्नी के बयान से खुला राज: मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और मर्ग जांच के बाद जब हत्या की पुष्टि हुई, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: मेमोरेंडम में कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी के निर्देशन में हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी टूट गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अधेड़ को कीटनाशक पिलाकर मारने का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद कर लिया गया है।
सलाखों के पीछे पहुंचे ये आरोपी
* गोलू उर्फ जगजीवन पठारी (31 वर्ष), निवासी ग्राम मुरू
* मनमोहन पठारी (30 वर्ष), निवासी ग्राम मुरू
* संदीप यादव (21 वर्ष), निवासी पथराली
* राकेश निर्मलकर (26 वर्ष), निवासी अमसेना
(साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!