फर्जीवाड़े पर चला प्रशासन का बुलडोजर: बिलासपुर के अज्ञेय नगर में अनंत रियल्टी के मल्टी-स्टोरी प्रोजेक्ट की विकास अनुज्ञा रद्द, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की बड़ी कार्रवाई से बिल्डरों में हड़कंप
आवासीय प्लॉट को बना दिया रास्ता, 4 मंजिल दिखाकर बना रहे थे 6; आयुक्त अवनीश शरण के निर्देश पर जांच कमेटी ने खोली 'कागजी खेल' की पोल
बिलासपुर
नक्शे में हेरफेर और अहम तथ्यों को छिपाकर बहुमंजिला इमारतें खड़ी करने वाले बिल्डरों के खिलाफ नगर तथा ग्राम निवेश (T&CP) संचालनालय ने कड़ा रुख अपनाया है। बिलासपुर के पॉश इलाके अज्ञेय नगर में मेसर्स अनंत रियल्टी द्वारा बनाए जा रहे बहुमंजिला आवासीय प्रोजेक्ट की विकास अनुज्ञा (Development Permission) को छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम 1984 के नियम 25 के तहत तत्काल प्रभाव से प्रतिसंहृत (रिवोक) कर दिया गया है। संचालक अवनीश शरण के निर्देश पर हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद से शहर के रियल एस्टेट जगत में हड़कंप मच गया है।
शिकायत के बाद गठित चार सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति (विनीत नायर, रोहित गुप्ता, प्रतीक दीक्षित और आलोक त्रिपाठी) ने पड़ताल में पाया कि 25 जून 2025 को क्षेत्रीय कार्यालय से जारी इस अनुमति में नियमों की धज्जियां उड़ाई गई थीं।
जांच में सामने आए 3 बड़े फर्जीवाड़े
* आवासीय प्लॉट को 'रास्ता' बनाकर जोड़ ली जमीन:
खसरा नंबर 15/1, 157/26 और 158/30 की 0.62 एकड़ भूमि पर यह प्रोजेक्ट लाया जा रहा था। नियमों के मुताबिक आवासीय प्लॉट का अन्य भूमि में विलय पूरी तरह प्रतिबंधित है। बिल्डर ने पुराने लेआउट के एक आवासीय प्लॉट को मनमाने तरीके से मार्ग (रास्ता) घोषित कर नए लेआउट में मिला लिया, जबकि 1989 के मूल अभिन्यास में इसके लिए कोई वैध संशोधन ही नहीं कराया गया था।
* मंजिलों का खेल—दिखाया 4 तल, नक्शे में मिले 6 तल:
स्वीकृत अनुज्ञा में 15 ब्लॉकों में 4-4 तलों के हिसाब से कुल 60 फ्लैट दिखाए गए थे, लेकिन लेआउट के कई हिस्सों में 6 मंजिलों का निर्माण दर्ज था। मंजिलों की संख्या छिपाने का सीधा असर गरीबों के लिए आरक्षित होने वाले ईडब्ल्यूएस (EWS) और एलआईजी (LIG) फ्लैटों की गणना पर पड़ रहा था।
* 'सलाहकार की गलती' का बहाना खारिज:
सुनवाई के दौरान कंपनी प्रबंधन ने इसे तकनीकी सलाहकार की 'टाइपिंग/नंबरिंग मिस्टेक' बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। जांच कमेटी ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि लेआउट पर बिल्डर के दस्तखत होते हैं, लिहाजा गंभीर विसंगतियों और तथ्य छिपाने की सीधी जिम्मेदारी डेवलपर की है।
अनुमति शून्य, अब निर्माण पूरी तरह अवैध
कंपनी को दिए गए नोटिस और 7 अगस्त 2026 की व्यक्तिगत सुनवाई के बाद जांच समिति ने जवाब को पूरी तरह असंतोषजनक पाया। क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की अनुशंसा और शर्त क्रमांक 29 व 31 के स्पष्ट उल्लंघन पर आयुक्त ने 25 जून 2025 की विकास अनुज्ञा (क्रमांक 1456) को निरस्त कर दिया है।
इस आदेश के साथ ही अज्ञेय नगर स्थित इस प्रोजेक्ट की तमाम वैधानिक अनुमतियां समाप्त हो गई हैं और वहां किया जा रहा निर्माण पूरी तरह अवैध की श्रेणी में आ गया है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!